जशपुरनगर/ प्राकृतिक आपदाओं एवं नैसर्गिक विपत्तियों से होने वाली जनहानि के मामलों में प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) खंड-6 क्रमांक-4 के तहत आर्थिक सहायता दी जाती है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने प्राकृतिक आपदाओं में हुई मृत्यु के 4 प्रकरणों में प्रभावित परिवारों के लिए कुल 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। प्रत्येक पात्र परिवार को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि शासन के नियमानुसार प्रदान की जाएगी।
कुनकुरी में डबरी के पानी में डूबने से हुई थी मृत्यु
तहसील कुनकुरी के ग्राम चराईखारा निवासी स्वर्गीय लीलावती बाई पति अंजन कुमार की 11 अप्रैल 2025 को डबरी के पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी।
इस प्रकरण में मृतका के निकटतम वैध वारिस उनके पति श्री अंजन कुमार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
कांसाबेल में सर्पदंश से महिला की मौत
तहसील कांसाबेल के ग्राम टांगरगांव निवासी स्वर्गीय अंकिता टोप्पो पिता जीवनलाल टोप्पो की 15 मई 2025 को सांप काटने से मृत्यु हो गई थी।
प्रकरण में मृतका के निकटतम वैध वारिस उनके पिता श्री जीवनलाल टोप्पो को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
तपकरा में सर्पदंश से हुई मृत्यु
तहसील तपकरा के ग्राम घुमरा निवासी स्वर्गीय असबर राम पिता पुरुषोत्तम की 29 सितंबर 2025 को सर्पदंश के कारण मृत्यु हुई थी।
इस मामले में मृतक के निकटतम वैध वारिस उनकी पत्नी श्रीमती देवपति को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
पत्थलगांव में डूबने से युवक की मौत
तहसील पत्थलगांव के ग्राम पंगसुवां निवासी स्वर्गीय अनीश नाग पिता सुशील नाग की 24 मार्च 2026 को डबरी के पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी।
इस प्रकरण में मृतक के निकटतम वैध वारिस उनके पिता श्री सुशील नाग को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार मिलेगी सहायता
अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों प्रकरणों में पात्र हितग्राहियों को शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 4 परिवारों को कुल 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।