जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया—बारिश और निर्माण कार्य के चलते बनी थी कीचड़ की स्थिति, समाचार प्रकाशन के बाद तत्काल कराया गया मरम्मत कार्य

जशपुरनगर/ सतीघाट कोतबा स्थित शिवधाम तक पहुंचने वाले मार्ग की मरम्मत कर दी गई है। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मार्ग पर कीचड़ की स्थिति अस्थायी थी और अब श्रद्धालुओं एवं आम लोगों के लिए आवागमन सामान्य हो गया है।

अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन उप-संभाग पत्थलगांव ने बताया कि सतीघाट में स्टाप डेम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। निर्माण कार्य के दौरान नहर पक्कीकरण के लिए की गई खुदाई और लगातार बारिश के कारण सी.सी. रोड के किनारे की मिट्टी बह गई थी। इससे सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था।

पाइपलाइन की खुदाई से भी बनी थी परेशानी

अधिकारी के अनुसार, इसके बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे खुदाई की गई थी। लगातार बारिश के दौरान खुदाई से निकला मुरुम बहकर सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग पर कीचड़ की स्थिति निर्मित हो गई थी।

समाचार प्रकाशन के बाद तत्काल कराया गया सुधार कार्य

मार्ग की स्थिति को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित ठेकेदार को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके बाद मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया गया, जिससे अब मार्ग को आवागमन के लिए दुरुस्त कर दिया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता

जल संसाधन विभाग ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहुंच मार्ग को व्यवस्थित कर दिया गया है। विभाग के अनुसार वर्तमान में सतीघाट शिवधाम तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है और मार्ग पर आवागमन सामान्य रूप से जारी है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment