ओडिशा से यूपी जा रही थी करोड़ों के गांजे की खेप, जशपुर पुलिस ने 3 मामलों में 520 किलो गांजा पकड़ा

जशपुर। नशे के अवैध कारोबार और गांजा तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने कुल 520 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। तीन मामलों में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये है, जबकि जब्त किए गए वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह दोनों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल जब्ती लगभग 3 करोड़ रुपये की है।

कुनकुरी में दो वाहनों से 494 किलो गांजा बरामद

थाना कुनकुरी पुलिस 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस ने थाने के सामने वाहन की घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

तलाशी के दौरान वाहन में दो लोग मिले, जिनकी पहचान अनवर अंसारी (45 वर्ष), निवासी नेकरा, थाना अंगडे, जिला रोहतास, बिहार तथा दिनेश कुमार केसरी (26 वर्ष), निवासी ग्राम दादर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई।

बोलेरो पिकअप के डाले में सब्जी के ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियां मिलीं। जांच करने पर पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 246 किलोग्राम गांजा मिला। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस के सामने से एक बिना नंबर की सेल्टोस कार तेज गति से गुजरती दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आते देख चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

सेल्टोस कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे 20 बैगों से 120 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 248 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा और वाहन जब्त कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस प्रकार कुनकुरी थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 494 किलोग्राम गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।

नारायणपुर में कार से 26 किलो गांजा जब्त, महिला समेत दो गिरफ्तार

इसी क्रम में नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 में गांजा का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने नारायणपुर चौक में घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली।

कार की डिक्की से 17 पैकेटों में करीब 26 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान कमल किशोर ओझा (56 वर्ष), निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश और अनिता सोनी (35 वर्ष), निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश के रूप में हुई।

पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले तस्करी नेटवर्क की जांच

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की जानकारी दी है। पुलिस अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही है कि गांजा ओडिशा में किस स्थान और किस व्यक्ति से प्राप्त किया गया था तथा उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, सप्लायरों और इसे प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कुनकुरी में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के साथ नारायणपुर में गिरफ्तार महिला समेत दो आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, कुनकुरी क्षेत्र में वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों और टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह एवं डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।

कुनकुरी थाना क्षेत्र की कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई नीलमणि निषाद, देविका मंडावी, आरक्षक मुर्शीद आलम एवं चंद्रशेखर बंजारे की भूमिका रही।

वहीं नारायणपुर थाना क्षेत्र की कार्रवाई में निरीक्षक कोमल नेताम, सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरन पटेल, आरक्षक योगेश भगत, अविनाश खलखो, महिला आरक्षक अलमा खाखा, नगर सैनिक ओम प्रकाश एवं वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नशे के कारोबार के खिलाफ जारी रहेगा ऑपरेशन आघात

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 520 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक महिला सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment