जशपुर: जशपुर में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित इस अभियान का जिले में बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर कलेक्टर ने विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान के तहत हितग्राहियों को 31 योजनाओं का लाभ दिलाया जाना है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों के निराकरण की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का गंभीरता से और समयबद्ध तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि केवल आवेदन का निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि संबंधित आवेदक को व्यक्तिगत रूप से फोन कर निराकरण की जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि आवेदक से संपर्क कर यह जानकारी अवश्य ली जाए कि वह किए गए निराकरण से संतुष्ट है अथवा नहीं। इससे शिकायतों के वास्तविक समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बैठक के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जिले में मंगल भवन, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, सांस्कृतिक भवन, खेल मैदान, मिनी स्टेडियम सहित विभिन्न प्रगतिरत निर्माण कार्यों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के लंबित आवेदनों का भी गंभीरता से निराकरण
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को इन आवेदनों का गंभीरता से निराकरण करने तथा पात्र लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।