जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने पॉलिटेक्निक कॉलेज का किया निरीक्षण, मेडिकल कॉलेज के संचालन की तैयारियों का लिया जायजा

जशपुर जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के संचालन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने मंगलवार को जशपुर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा जशपुर में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई है। मेडिकल कॉलेज के लिए 50 सीटें निर्धारित की गई हैं और इसी वर्ष प्रथम वर्ष शुरू होना संभावित है।

इसी कड़ी में जशपुर जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन में मेडिकल कॉलेज संचालित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने निरीक्षण के दौरान भवन में लाइट, पंखे, शौचालयों की साफ-सफाई सहित सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज के संचालन को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने के साथ-साथ बालक एवं बालिका छात्रावास में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। छात्र-छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में आवश्यकतानुसार डीप फ्रीजर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के लिए कहा, ताकि जशपुर में मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू होने पर विद्यार्थियों और स्टाफ को किसी तरह की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, मेडिकल कॉलेज के डीन एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment