रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने बरसात समाप्त होते ही निर्माणाधीन पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी निर्माणाधीन कार्यों का एक सप्ताह के भीतर ठेकेदारों के साथ स्थल निरीक्षण कर आगे की तैयारी सुनिश्चित करने तथा बरसात के तुरंत बाद निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अक्टूबर महीने में प्रदेश के सभी निर्माणाधीन स्थलों पर काम होते हुए दिखाई देना चाहिए।
श्री बंसल ने नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन 20 सितंबर तक जमा करने के निर्देश दिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत के साथ रेलिंग और दीवारों की पेंटिंग का कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
पुल-पुलियों की वास्तविक जरूरत का सर्वे कर तैयार होंगे नए प्रस्ताव
बैठक में सेतु परिक्षेत्र के सभी संभागों के कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर पुल-पुलियों की वास्तविक जरूरत का आकलन करने के निर्देश दिए गए।
श्री बंसल ने कहा कि लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नए पुल-पुलियों के निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। पुराने और क्षतिग्रस्त पुलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा जहां आवश्यकता हो, वहां नए पुलों के निर्माण के प्रस्ताव तत्काल भेजे जाएं।
सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से साइट पर जाएं अधिकारी
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने कार्यपालन अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से निर्माण स्थलों पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। कार्यों में लापरवाही बरतने या निर्माण की गति धीमी रखने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को बिना अनुमति कार्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहते हुए निर्माण स्थलों पर आने वाली समस्याओं का तत्परता से निराकरण करने को कहा गया।
नए कार्यों की निविदा नवंबर तक, जनवरी तक शुरू होंगे निर्माण
श्री बंसल ने नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया नवंबर तक पूरी करने और जनवरी तक सभी कार्य हर हाल में शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदारों के लिए समय पर ले-आउट, ड्राइंग-डिजाइन और कार्यस्थल उपलब्ध कराने को कहा। निर्माण स्थलों पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने तथा ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की गंभीरता से मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
हर महीने भुगतान, कार्य पूर्ण होने के तीन माह में अनुबंध क्लोज करने निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ठेकेदारों को प्रत्येक माह भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति प्रभावित न हो।
उन्होंने कार्य पूर्ण होने के बाद तीन माह के भीतर सभी दस्तावेजी प्रक्रिया और भुगतान पूरा कर अनुबंध क्लोज करने को कहा।
गतिशक्ति पोर्टल पर 10 सितंबर तक अपलोड होगी पुल-पुलियों की जानकारी
श्री बंसल ने भारत सरकार के गतिशक्ति पोर्टल पर प्रदेश के सभी पुल-पुलियों की जानकारी 10 सितंबर तक अपलोड करने के निर्देश दिए।
निर्धारित समय-सीमा में जानकारी अपलोड नहीं करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीपीग्राम्स और सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
साथ ही न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन से जुड़े प्रकरणों के निपटारे की प्रत्येक माह समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
एनएचएआई और केंद्रीय मंत्रालय के साथ बेहतर समन्वय से आएगी राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों में तेजी
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की बैठक लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा, अनुबंध और कार्यादेश की जानकारी ली। राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों को एनएचएआई और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मार्च तक पूरे करने होंगे प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग कार्य
विभागीय सचिव ने रायपुर में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के एमएमआई चौक से शदाणी दरबार खंड, बेमेतरा बायपास, कोंडागांव से नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग खंड तथा रतनपुर से पेंड्रा रोड राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों को अगले वर्ष मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एस.के. कोरी और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री ज्ञानेश्वर कश्यप सहित दोनों परिक्षेत्रों के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी तथा एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।