रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने निगम-मंडल और आयोगों से जुड़े तीन पदाधिकारियों को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष और दो महत्वपूर्ण संस्थाओं के उपाध्यक्षों को यह दर्जा दिया गया है।
जारी आदेश के तहत श्री संजय अग्रवाल, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।
इसी तरह श्री अंजय शुक्ला, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड तथा श्री शरद अग्रवाल, उपाध्यक्ष इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण को भी राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।
मंत्री स्तर की सुविधाएं होंगी उपलब्ध
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों को राज्य मंत्री के लिए निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए संबंधित प्रशासकीय विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सूची किसी प्रकार की वरिष्ठता या प्रोटोकॉल की स्थिति निर्धारित नहीं करती है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह आदेश जारी होने की तिथि से तत्काल प्रभावशील होगा। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम तथा आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत द्वारा जारी किया गया है।