मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में हुए शामिल, विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
जशपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सन्ना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शिक्षक दिवस समारोह में सहभागिता करते हुए गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जी. एस. जात्रा ने एकलव्य विद्यालय का निरीक्षण भी किया तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी।

स्वास्थ्य के साथ HPV टीकाकरण के महत्व पर दिया संदेश
विद्यालय निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी देते हुए HPV टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण और स्वास्थ्य के प्रति सजगता गंभीर बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों हैं बेहतर भविष्य की नींव
डॉ. जी. एस. जात्रा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य भी अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ विद्यार्थी ही अपनी शिक्षा और जीवन के अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ उन्हें बेहतर और जागरूक नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर डॉ. नीतीश आनंद सोनवानी, अरविंद कुजूर, शिक्षकगण, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
