रायपुर:अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की खराब सड़क को लेकर वायरल हुए वीडियो का मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
खरसिया चौक की सड़क तत्काल सुधारने के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, आवश्यक समतलीकरण और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
सभी कलेक्टरों को नियमित निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता के अनुसार स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें तथा संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव अथवा अन्य किसी कारण से आवागमन प्रभावित होने या दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।
आवश्यकता के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून में सड़कें चलने योग्य बनाए रखना जरूरी
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जहां निर्माण कार्य प्रगति पर हैं अथवा बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित सभी आवश्यक अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं।
उन्होंने कहा कि स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने पर भी सड़क को चलने योग्य बनाए रखने के लिए हर आवश्यक उपाय सुनिश्चित किया जाए।
सभी विभागों और निर्माण एजेंसियों से समन्वय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय अथवा किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।
कलेक्टर अपने जिले में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करें।
बारिश के बाद सड़क निर्माण कार्यों में लाई जाए तेजी
मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि बारिश के दौरान निर्माणाधीन सड़कों के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन को सड़क सुरक्षा, आवागमन और आवश्यक अंतरिम सुधार कार्यों को प्राथमिकता देते हुए मानसून के दौरान भी सड़कों को सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाए रखना होगा।