रायगढ़: रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला लव ट्रायंगल से उपजे विवाद से जुड़ा सामने आया है। आरोपियों ने किशोर के साथ विवाद के बाद पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन भी कराया गया।
पुराने बस डिपो के पास मिला था किशोर का शव
15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, कोतवाली पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
मौके पर पहुंचे मृतक के पिता ने शव की पहचान अपने 16 वर्षीय पुत्र के रूप में की। मृतक के पिता मूलतः लैलूंगा के ग्राम घटगांव के निवासी हैं और पिछले चार वर्षों से रामभांठा में रह रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे किशोर चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह पुराने बस डिपो के पास शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 103(1) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया।
गवाहों से पूछताछ और वैज्ञानिक विवेचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में संदिग्धों की पतासाजी शुरू की गई। गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए युवकों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की।
पूछताछ में मृतक का बैकुंठपुर निवासी 20 वर्षीय शिवम बरेठ एवं 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ बीती रात विवाद होने की जानकारी सामने आई। दोनों को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रारंभ में दोनों ने घटना से इंकार किया, लेकिन वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया और घटना का पूरा विवरण बताया।

मोबाइल छीना, मांगे 1,000 रुपये और फिर पत्थर से हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि 14 सितंबर को वे रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां किशोर एक परिचित लड़की के साथ था। पुलिस के मुताबिक, उसी लड़की के प्रति आरोपी शिवम बानी का एकतरफा लगाव था।
किशोर को लड़की के साथ देखकर शिवम बानी ने उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया। इसके बाद आरोपी शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और मोबाइल वापस करने के लिए 1,000 रुपये देने की बात कही।
इसके बाद दोनों आरोपी किशोर को उसके मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए। वहां दोनों ने किशोर को उक्त लड़की से नहीं मिलने-जुलने की बात कहते हुए डराया-धमकाया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी शिवम बरेठ से मृतक का मोबाइल बरामद किया गया। वहीं आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जप्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ बदमाश प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में भी थाना कोतवाली में मारपीट के अपराध दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का रिकंस्ट्रक्शन कराया गया तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त किए गए। दोनों आरोपियों को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है और रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिया सख्त संदेश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई सख्त और प्रभावी रहेगी। हत्या जैसे गंभीर अपराध में त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री राहुल उईके के सुपरविजन में आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर, आरक्षक कमलेश यादव, हरेन्द्र जगत, जितेन्द्र दुबे, सत्या यादव और कोमल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
- शिवम बरेठ, पिता दिनेश बरेठ, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़।
- शिवम बानी, पिता संतराम बानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़।