मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल से लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी ,पंडरीपानी में SBI की नई शाखा शुरू, 60 गांवों के ग्रामीण होंगे लाभान्वित

जशपुर: जिले के फरसाबहार तहसील क्षेत्र के पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नई शाखा शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही बैंक शाखा की मांग पूरी होने के बाद पंडरीपानी सहित आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीणों को अब अपने क्षेत्र में ही बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

पंडरीपानी और आसपास के ग्रामीणों को अब तक बैंकिंग कार्यों के लिए करीब 5 किलोमीटर दूर फरसाबहार जाना पड़ता था। पंडरीपानी में एसबीआई की शाखा शुरू होने से अब इन कार्यों के लिए ग्रामीणों को दूर जाने की आवश्यकता नहीं हो रही है। इससे उनके समय और यात्रा खर्च की बचत होगी तथा बैंकिंग सेवाएं अधिक सुलभ बनेंगी।

किसानों, महिलाओं और व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ

नई शाखा शुरू होने से किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, महिलाओं, कर्मचारियों और पेंशनधारियों सहित विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को कृषि ऋण सहित अन्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। वहीं व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए भी लेन-देन तथा अन्य वित्तीय कार्य सुविधाजनक होंगे।

नई शाखा के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न प्रकार की ऋण सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इनमें होम लोन, कार लोन और शिक्षा लोन जैसी बैंकिंग सुविधाएं शामिल हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को अपनी वित्तीय आवश्यकताओं के लिए स्थानीय स्तर पर ही बैंकिंग सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी।

क्षेत्रवासियों ने पंडरीपानी में एसबीआई की शाखा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अब बैंकिंग कार्यों के लिए उन्हें दूर नहीं जाना पड़ रहा है। गांव के नजदीक ही जरूरी बैंकिंग सुविधाएं मिलने से उनके धन और समय की बचत हो रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment