1 से 7 अक्टूबर तक क्लस्टरवार लगेंगे जन समस्या निवारण शिविर, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

शंकरगढ़। कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलरामपुर-रामानुजगंज के निर्देशानुसार बुधवार, 30 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत शंकरगढ़ के सभाकक्ष में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम एवं जनपद पंचायत सीईओ की मौजूदगी में आगामी 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक क्लस्टरवार आयोजित होने वाले जन समस्या निवारण शिविरों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में शंकरगढ़ विकासखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन एवं ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसमें महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), स्वास्थ्य, पशुधन, वन, शिक्षा, विद्युत, लोक निर्माण विभाग (PWD), जल संसाधन विभाग (WRD), आदिम जाति कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्लस्टरवार आयोजित होने वाले शिविरों में संबंधित विभाग अपने-अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ उपस्थित रहें तथा ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्रामीणों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविरों की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन संबंधित विभाग के समक्ष प्रस्तुत कर सकें।

प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे इन क्लस्टरवार जन समस्या निवारण शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को उनके क्षेत्र के नजदीक ही सुनना, संबंधित विभागों के माध्यम से उनका निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment