जशपुर। निजी अश्लील फोटो एवं वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय आरोपी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी और पीड़िता की पहचान 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से हुई थी। बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप के जरिए बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता की निजी तस्वीर एवं वीडियो हासिल कर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया और बातचीत नहीं करने पर पीड़िता एवं उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज कर धारा 79, 351 बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
4Fun एप्लीकेशन से हुई थी पहचान
मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 21 जनवरी 2026 को 19 वर्षीय पीड़िता ने थाना जशपुर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2024 में उसकी पहचान आरोपी शोवित कुशवाहा उर्फ शोभित, उम्र 24 वर्ष, निवासी उत्तर प्रदेश से 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से हुई थी।
बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी/अश्लील तस्वीर एवं वीडियो प्राप्त कर स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद आरोपी ने उक्त सामग्री को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को बातचीत नहीं करने पर उसे एवं उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
दिल्ली में मिला आरोपी, विशेष टीम ने दबोचा
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के गृह ग्राम उत्तर प्रदेश में उसकी पतासाजी की, लेकिन वह घटना के बाद से फरार था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र एवं पुलिस की टेक्निकल टीम को सक्रिय किया गया तथा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। इस पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर से विशेष टीम दिल्ली भेजी गई। टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे दिल्ली से हिरासत में लिया और जशपुर लाया।
मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल फोन, जिसमें दो सिम कार्ड उपयोग में पाए गए, विधिवत जब्त किया है। मोबाइल के व्हाट्सएप एवं गैलरी का गवाहों के समक्ष अवलोकन कर मोबाइल अवलोकन पंचनामा तैयार किया गया। इस दौरान आवश्यक स्क्रीनशॉट भी लिए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शोवित कुशवाहा उर्फ शोभित द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले की कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता एवं आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर पुलिस ने की आम नागरिकों से अपील
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या किसी ऑनलाइन माध्यम पर किसी व्यक्ति की निजी तस्वीर/वीडियो का दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग, धमकी अथवा अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में चुप न रहें और तत्काल पुलिस से संपर्क करें।