आंगन मिलन सेवा सूरजपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों में सजी पोषण और खुशियों की चौपाल

रायपुर, 07 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता और सामुदायिक सहयोग को एक नया प्रोत्साहन मिला है।

पौष्टिक थाली और व्यंजन प्रदर्शनी कार्यक्रमों के दौरान मेरी पौष्टिक थाली और पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी के माध्यम से संतुलित आहार तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों के सही उपयोग की जानकारी दी गई। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

हर घर मुनगा अभियान परिवारों के बच्चों के दैनिक आहार में विविधता लाने तथा स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर जोर दिया गया। इसके तहत हर घर मुनगा अभियान चलाकर मुनगा लगाने और उसे भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

सामुदायिक सहभागिता इन आयोजनों को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों ने बेहद सक्रिय भूमिका निभाई। महिलाओं और बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य व पोषण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को अपने परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाया। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, परिवारों को बच्चों की उचित देखभाल व पोषण से जोड़ना और शासन की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment