जशपुर। नवरात्रि के उल्लास, भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव के बीच जशपुर में सड़क सुरक्षा का अनूठा संदेश दिया गया। श्री हरि कीर्तन भवन में आयोजित अक्स (AKS) गरबा महोत्सव में करीब 1500 बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, जशपुर पुलिस के सहयोग से चलाए गए हेलमेट जागरूकता अभियान ने इस आयोजन को सामाजिक सरोकार से जोड़ दिया।
महोत्सव का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब मंच पर मौजूद कलाकारों ने हेलमेट पहनकर गरबा किया। इस अनूठी पहल के जरिए लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

गायिका तत्सा गुप्ता ने गीत के जरिए किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान गायिका तत्सा गुप्ता ने हेलमेट और यातायात सुरक्षा पर आधारित विशेष जागरूकता गीत प्रस्तुत किया। भक्ति संगीत और गरबा की धुनों के बीच सुरक्षा का संदेश सुनकर दर्शकों को सड़क पर सावधानी बरतने की प्रेरणा मिली। आयोजन में शामिल बच्चों और युवाओं के माध्यम से इस संदेश को परिवारों तक पहुंचाने की पहल भी की गई।
40 हेलमेट बांटकर लोगों को किया प्रेरित
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कार्यक्रम में नागरिकों और प्रतिभागियों को कुल 40 हेलमेट वितरित किए गए। इनमें संस्कृति सिल्क के अंशुल साय की ओर से 30 हेलमेट तथा जशपुर पुलिस की ओर से 10 हेलमेट प्रदान किए गए।
वहीं, गरबा महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रमिला यादव को उपहार स्वरूप स्कूटी प्रदान की गई। इस पहल ने उत्सव के साथ प्रतिभागियों के उत्साह को भी बढ़ाया।

“हेलमेट औपचारिकता नहीं, जीवन की अनिवार्य ढाल”
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी सार्थक है, जब व्यक्ति और उसका परिवार सुरक्षित रहें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने अक्स टीम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन के मंच का उपयोग जीवन रक्षा का संदेश देने के लिए करना सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां मौजूद 1500 बच्चे और युवा जब सुरक्षा का संदेश लेकर अपने घरों तक पहुंचेंगे, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
अक्स गरबा महोत्सव में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सत्तू सिंह, सत्येंद्र सिंह, कृष्ण कुमार राय, चिंटू गुप्ता, सुनील सोनी, संजय सोनी, संजय सिंह, सातु सोनी और एसडीओपी के.आर. चौहान सहित अक्स टीम के सदस्य, पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का प्रभावी मंच भी बन सकते हैं। गरबा की ताल के बीच हेलमेट पहनकर कलाकारों की प्रस्तुति ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।