जशपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को जशपुर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रणजीता स्टेडियम में होगा, जहां विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्योत्सव के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने जिला अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्योत्सव के अवसर पर विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी और स्टॉल लगाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों को आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी मुख्य थीम
इस वर्ष राज्योत्सव 2026 की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में विभिन्न विभाग अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं, उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसके माध्यम से महिला सशक्तीकरण और युवाओं के विकास से जुड़े प्रयासों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
स्थानीय कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जिला स्तरीय राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
रणजीता स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और शासन की जनहितकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।