मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले के बुढ़ा नाला पर 3.74 करोड़ का पुल बनकर तैयार, अब बारिश में भी नहीं थमेगा आवागमन

डूमरबहार–तमता मार्ग पर शेखरपुर के पास 69 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा, एनएच-43 के दोनों छोरों के बीच संपर्क हुआ आसान; क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

जशपुरनगर। जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। डूमरबहार–तमता मार्ग पर शेखरपुर के पास बुढ़ा नाला में उच्चस्तरीय पुल का निर्माण पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 3 करोड़ 73 लाख 73 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस पुल पर आवागमन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब बरसात के दिनों में भी इस मार्ग पर आवागमन बाधित होने की समस्या से छुटकारा मिलने की उम्मीद है।

69 मीटर लंबे पुल में बनाए गए तीन स्पान

बुढ़ा नाला पर निर्मित इस उच्चस्तरीय पुल की कुल लंबाई 69 मीटर है। इसके निर्माण में 373.73 लाख रुपये की स्वीकृत लागत निर्धारित की गई थी। पुल में 23-23 मीटर के तीन स्पान बनाए गए हैं। इसके साथ ही पहुंच मार्ग का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है।

गौरतलब है कि बुढ़ा नाला में पहले विशेषकर बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। अब पुल निर्माण पूरा होने से इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

एनएच-43 के दोनों छोरों के बीच संपर्क हुआ आसान

यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के दोनों छोरों के बीच संपर्क सुगम हुआ है। अब जिला मुख्यालय जशपुर के साथ ही पत्थलगांव विधानसभा एवं विकासखंड क्षेत्र तक पहुंचना आसान होगा।

इसका सीधा लाभ स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को मिलेगा। इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में बुढ़ा नाला पर पुल का निर्माण पूरा होना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

पुल निर्माण पूर्ण होने और आवागमन शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से वर्षों से चली आ रही आवागमन की परेशानी दूर होगी और अब बारिश के मौसम में भी आवागमन अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।

जशपुर जिले की ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों और विकास कार्यों की ताजा जानकारी के लिए पढ़ते रहिए संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment