कुनकुरी छठ घाट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उगते सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

पत्नी कौशल्या साय के साथ छठ महापर्व में हुए शामिल, बोले– छठ पूजा लोक आस्था, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम पर्व

जशपुरनगर। छठ महापर्व के पावन अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने उगते सूर्य देव को विधि-विधान से उषा अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं की भारी उपस्थिति रही। भक्तिमय वातावरण के बीच मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना में सहभागिता की और सूर्य देव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कुनकुरी क्षेत्र में छठ पर्व के प्रति गहरी आस्था

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ पर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि उन्हें अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के अवसर पर शामिल होने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छठ महापर्व को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए सभी व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है छठ

छठ पूजा हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र एवं लोक आस्था का महापर्व है। यह पर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित है। मान्यता है कि इस पर्व में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना और व्रत करने से परिवार में सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की जाती है।

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना के अवसर पर व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे और अंतिम दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया जाता है।

छठ महापर्व हमें प्रकृति, सूर्य, जल और जीवन के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। यह पर्व पवित्रता, अनुशासन, त्याग, समर्पण और पारिवारिक सुख-समृद्धि का प्रतीक है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

छत्तीसगढ़ और जशपुर जिले की राजनीति, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गतिविधियों की हर महत्वपूर्ण खबर के लिए पढ़ते रहिए संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment