जशपुर जिले के सभी 8 विकासखंडों में होगा आयोजन, आयुष चिकित्सक करेंगे जांच और उपचार
जशपुरनगर, 17 नवंबर 2026। जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालनालय आयुष रायपुर के आदेशानुसार जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में विकासखंडवार निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की शुरुआत 18 नवंबर से होगी। सभी शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
जिला आयुष अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिविरों का शुभारंभ 18 नवंबर बुधवार को विकासखंड दुलदुला के बाजारडांड पतराटोली से होगा। इसके बाद 19 नवंबर गुरुवार को विकासखंड जशपुर के बाजारडांड पोरतेंगा में शिविर आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 23 नवंबर सोमवार को एक ही दिन दो स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें विकासखंड मनोरा के बाजारडांड घाघरा और विकासखंड कांसाबेल के बाजारडांड शब्दमुंडा शामिल हैं। 25 नवंबर बुधवार को विकासखंड बगीचा के बाजारडांड सन्ना में शिविर आयोजित होगा।
वहीं, 27 नवंबर शुक्रवार को विकासखंड फरसाबहार के बाजारडांड सराईटोली और विकासखंड पत्थलगांव के बाजारडांड कांडरो में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविरों का समापन 28 नवंबर शनिवार को विकासखंड कुनकुरी के बाजारडांड रायकेरा में होगा।
निःशुल्क जांच और उपचार की मिलेगी सुविधा
आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में आयुष चिकित्सकों द्वारा मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही सामान्य रक्त परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अपने नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
जिला आयुष अधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर अपने नजदीकी आयुष स्वास्थ्य मेला शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा का लाभ अवश्य उठाएं।
जशपुर जिले की ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों और स्थानीय अपडेट के लिए पढ़ते रहिए संवाद छत्तीसगढ़।