रायपुर में गंदगी पर नगरीय प्रशासन सख्त, सफाई प्रभारी और जोन आयुक्त को कारण बताओ नोटिस

रायपुर, 17 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में जगह-जगह फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें नगर निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) श्री जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त श्रीमती दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। दोनों अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।

नगरीय प्रशासन विभाग ने निगम आयुक्त को निर्देशित किया है कि दोनों अधिकारियों से प्राप्त जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत सहित संचालनालय को भेजें।

सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जताई नाराजगी

दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में विभाग ने उल्लेख किया है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद वरिष्ठालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।

नोटिस में कहा गया है कि शहर में जगह-जगह गंदगी फैले होने संबंधी समाचार आए दिन समाचार पत्रों में प्रकाशित होते हैं। इससे नगर निगम एवं शासन की छवि धूमिल होने के साथ-साथ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारियों को जिम्मेदार प्रतीत बताया गया है।

तीन दिनों में देना होगा जवाब, नहीं तो होगी एकपक्षीय कार्रवाई

विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 एवं छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के अंतर्गत दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नोटिस के अनुसार दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से अपना जवाब प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित समयावधि में जवाब प्राप्त नहीं होने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

राजधानी की सफाई व्यवस्था को लेकर नगरीय प्रशासन विभाग की इस कार्रवाई को नगर निगम के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक गतिविधियों, नगरीय निकायों और स्थानीय खबरों के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। ताजा समाचारों के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment