जंगल के रास्ते ले जाए जा रहे 11 भैंसों को पुलिस ने कराया मुक्त, दो तस्कर गिरफ्तार , एक फरार; आस्ता क्षेत्र के व्यक्ति की भी हुई पहचान

जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र के ग्राम सरडीह के जंगल में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 11 नग भैंसों को मुक्त कराया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

ग्रामीण की सूचना पर हरकत में आई पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को ग्राम बलादरपाठ निवासी एक ग्रामीण ने चौकी सोनक्यारी में सूचना दी कि वह दोपहर करीब 1 बजे अपने निजी कार्य से सोनक्यारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम सरडीह के पास जंगल के रास्ते में उसने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को भारी संख्या में भैंसों को मारते-पीटते हुए पैदल हांककर ले जाते देखा। गतिविधि संदिग्ध लगने पर ग्रामीण ने आशंका जताई कि भैंसों को अवैध रूप से कहीं ले जाया जा रहा है। उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौकी सोनक्यारी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहां पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति 11 नग भैंसों को मारते-पीटते हुए जंगल के रास्ते पैदल ले जा रहे थे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों संदिग्ध भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने पीछा कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पैसों के लालच में भैंसों को खमली पहुंचाने की थी तैयारी

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान शिवनारायण यादव (55 वर्ष) एवं कपिलदेव यादव (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बरपाठ, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा भैंसों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उक्त भैंसें थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत निवासी एक व्यक्ति की हैं। उस व्यक्ति द्वारा रुपये देने का लालच दिए जाने पर वे सभी भैंसों को ग्राम सरडीह के जंगल के रास्ते से होते हुए ग्राम खमली, थाना आस्ता तक पहुंचाने के लिए ले जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों से भैंसों को ले जाने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से सभी 11 नग भैंसों को बरामद कर सुरक्षित मुक्त कराया और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर चौकी लाया गया।

तीसरे आरोपी की पहचान, पुलिस कर रही तलाश

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत निवासी एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली है, जो घटनास्थल से फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही है और शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मामले में चौकी सोनक्यारी में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी सहित अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में अग्रिम विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी सोनक्यारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोहनलाल मरकाम, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक आनंद मिंज एवं शिव ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने कहा- तस्करी में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। चौकी सोनक्यारी क्षेत्र से 11 नग भैंसों को मुक्त कराया गया है तथा मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर पुलिस लगातार उनकी पतासाजी कर रही है। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा मामले से जुड़े सभी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी ही स्थानीय और महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। पूरी खबरें और ताजा समाचार पढ़ने के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment