अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निराकरण को लेकर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सख्त, थाना प्रभारियों को दिए निर्देश

लंबित अपराधों से लेकर ऑनलाइन शिकायतों तक की हुई समीक्षा, ऑपरेशन ईगल और सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर भी दिए निर्देश; बेहतर काम करने वालों को किया सम्मानित

जशपुर। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने 18 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण, पुलिसिंग की गुणवत्ता एवं विभिन्न अभियानों के तहत की जा रही कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत एवं अन्य प्रकरणों का गंभीरता से अवलोकन कर उनका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं पशु तस्करी की रोकथाम को लेकर विशेष जोर देते हुए उन्होंने पुलिस की सक्रिय मुखबिरी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों की सूचना प्राप्त करने के लिए स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाए। साथ ही जिले के सभी थाना एवं चौकी में पदस्थ पुलिस अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय एवं बेहतर कोऑर्डिनेशन स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने और आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त कार्यवाही करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में जिले में संचालित डायल 112 की कार्यप्रणाली एवं उसके द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस कप्तान ने आपातकालीन परिस्थितियों में प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने, मौके पर शीघ्र पहुंचने तथा पीड़ितों को तत्काल आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

अपराधों की विवेचना के संबंध में उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की विवेचना में तकनीकी साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सभी विवेचक तकनीकी रूप से दक्ष एवं अपडेट रहें तथा विवेचना के दौरान उपलब्ध तकनीकी साधनों का नियमानुसार प्रभावी उपयोग करें, जिससे प्रकरणों का बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो सके।

ऑपरेशन ईगल के तहत फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस कप्तान ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के फरार स्थाई वारंटियों की जानकारी अद्यतन रखने, उनकी पतासाजी के लिए प्रभावी प्रयास करने तथा अधिक से अधिक स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदा, पानी में डूबने, सर्पदंश एवं अन्य कारणों से होने वाली आकस्मिक मृत्यु के मामलों में पीड़ित परिवारों को शासन की ओर से प्रदान की जाने वाली राहत राशि से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में आवश्यक वैधानिक एवं विभागीय कार्यवाही तत्काल पूर्ण की जाए। संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर यथाशीघ्र भेजा जाए, ताकि प्रभावित एवं पीड़ित परिवारों को शासन की राहत राशि समय पर प्राप्त हो सके।

पुलिस कप्तान ने आम नागरिकों के प्रति पुलिस के व्यवहार को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में अपनी शिकायत अथवा रिपोर्ट दर्ज कराने आने वाले पीड़ित एवं प्रार्थियों के साथ सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सरल, सहज एवं संवेदनशील व्यवहार रखें। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा शिकायत की प्रकृति के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर वैधानिक कार्यवाही करते हुए आवश्यकतानुसार अपराध पंजीबद्ध करना सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।

सीएम पोर्टल एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के अन्य ऑनलाइन पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करने तथा निर्धारित समय-सीमा में उनका त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। पुलिस कप्तान ने जिले में यातायात जागरूकता अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने, स्कूल-कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन नहीं चलाने एवं यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि को कम करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

बैठक में थाना एवं चौकी प्रभारी के रूप में कार्यरत रहते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। पुलिस कप्तान ने उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पुलिसिंग की व्यावहारिक बारीकियों, कानून-व्यवस्था एवं विवेचना संबंधी कार्यों को गंभीरता से सीखते हुए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के लिए निर्देशित किया।

उत्कृष्ट विवेचना करने वाले पुलिस अधिकारी सम्मानित, घायलों की मदद करने वाले दो पुलिस मितानों को मिला सम्मान

अपराध समीक्षा बैठक के पश्चात उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं दो पुलिस मितानों को सम्मानित किया गया। गंभीर मामलों में उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने वाले विवेचकों के कार्यों की सराहना करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

साथ ही सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देने वाले दो पुलिस मितानों विजय कुमार सिदार (40 वर्ष), निवासी ग्राम घाघरा एवं ओस्वीन जेराल तिर्की (32 वर्ष), निवासी ग्राम घाघरा को हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 06 नवंबर 2026 की रात्रि करीब 09 बजे घाघरा-छतौरी जंगल में स्कॉर्पियो एवं पिकअप वाहन के बीच दुर्घटना हुई थी। इस दौरान दोनों पुलिस मितानों ने तत्काल घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने तथा पुलिस को सूचना देने में मदद की थी। उनके इस कार्य को गुड सेमेरिटन (Good Samaritan) के तहत सराहनीय मानते हुए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस कप्तान ने घायलों की मदद के लिए आगे आने वाले नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करना किसी का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ऐसे नेक कार्य समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

उक्त अपराध समीक्षा बैठक में जिले के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की ऐसी ही महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। पूरी खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment