जशपुर। चक्रवाती तूफान अर्नव और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने राजस्व एवं कृषि विभाग को खेतों का भौतिक सत्यापन कर आरबीसी 6/4 के तहत मुआवजा प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान झेलने वाला कोई भी किसान मुआवजे से वंचित नहीं रहना चाहिए।
खेतों का सर्वे कर तैयार करें मुआवजा प्रकरण
जिला पंचायत सीईओ ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए मैदानी अमले को प्रभावित खेतों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वे और सत्यापन का काम गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ पूरा करने को कहा, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार राहत मिल सके।
धान खरीदी केंद्रों में पानी, छाया और बारदाने की व्यवस्था
बैठक में धान खरीदी की तैयारियों और केंद्रों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, पर्याप्त बारदाने और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों को केंद्रों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मंदिरों के जीर्णोद्धार की जानकारी मांगी
सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार से संबंधित जानकारी संकलित कर धर्मस्व विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण
सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री की घोषणाओं और कलेक्टर जनदर्शन से जुड़े लंबित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम), जनपद पंचायतों के सीईओ और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जशपुर के किसानों, धान खरीदी और जिले की प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़ी ताजा खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। स्थानीय और प्रदेश की प्रमुख खबरों के लिए samvadchhattisgarh.com पर विजिट करें।