
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 11 वर्षों के ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी शासनकाल की उपलब्धियों को जन जन तक पहुचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाये जा रहे संकल्प से सिद्धि अभियान के अंतर्गत आज जशपुर जिला भाजपा कार्यालय प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को मुख्य वक्ता लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने सफलतम 11 वर्ष पूर्ण किये हैं।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकसित भारत के अमृत काल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विकास की नई यात्रा तय की है। मोदी सरकार की हर योजना के केन्द्र में जनकल्याण और आम नागरिक के जीवन को आसान करने के साथ- साथ देश को वैश्विक स्तर पर नए आयाम देने की भावना रही है। नरेंद्र मोदी राजपथ पर नहीं बल्कि कर्तव्य पथ पर चलने वाले प्रधानमंत्री है।
आगे उन्होंने कहा कि
बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने भारत की सीमायें सुरक्षित की, अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से लगने वाले राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में रोड कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया गया। जिससे भारतीय सीमाओं की सुरक्षा और भी मजबूत हुई है। 2014 से पहले भारत अधिकांश रक्षा उपकरण यहां तक की बंदूकों की गोलियों को भी विदेश से आयात करता था।प्रधानमंत्री मोदी की केन्द्र सरकार के मेक इन इंडिया के तहत शासकीय और प्राइवेट कंपनियों ने मिलकर भारत के रक्षा क्षेत्र को बेहतर बना दिया है और विदेशी आयात पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने कहा कि एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम, ‘ब्रह्मोस, आकाश मिसाइल, आइएनएस विक्रांत, तेजस और, प्रचंड’ अटैक हेलीकॉप्टर जैसे स्वदेशी तकनीकों के साथ अब भारत न केवल आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति के रूप में उभर रहा है बल्कि आज रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है। आज भारत का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़कर 23,622 करोड़ तक पहुंच गया है। फिलीपींस जैसे देश भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीद रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की रणनीतिक दूरदर्शिता और कूटनीतिक तैयारी का नतीजा हैं।
विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाया। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों और एयरबेस को ध्वस्त कर यह दिखा दिया कि अब मोदी का यह नया भारत शांति की बातें नहीं बल्कि घर में घुसकर आतंक का सफाया करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान को स्पष्ट और सख्त संदेश भी दिया कि आतंक, पानी और व्यापार एक साथ नहीं चल सकते, खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। पूरे विश्व को प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय धरती पर किसी भी हमले को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। संकटकाल के दौरान मोदी सरकार ने अपने नागरिकों को विश्वभर के हर कोने से सुरक्षित निकालकर यह सिद्ध किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार केवल सीमाओं के भीतर नहीं, विश्वभर में भारतीयों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रबोध मिंज ने कहा कि विगत 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने माओवादी आतंकवाद पर सख्त प्रहार किया है।आंतरिक सुरक्षा की सबसे बड़ी चुनौती माओवादी आतंक के खात्मे का मोदी जी और अमित शाह जी का संकल्प भी सिद्ध हो रहा है। छत्तीसगढ़ में बीते डेढ़ साल में 425 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया गया है। 1388 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं और 1443 को गिरफ्तार किया गया है। नक्सल विरोधी अभियान में हमारे जवानों ने बसवराजू और सुधाकर जैसे बड़े नक्सलियों कोे न्यूट्रलाइज कर माओवाद की रीढ़ तोड़ दी है।
प्रबोध मिंज ने कहा कि राजनीति से इतर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने सांस्कृतिक और धार्मिक क्षेत्र प्रगति की नयी कहानी लिखी है।चाहे श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किया जाना, विश्वनाथ और महाकाल कॉरिडोर आदि दर्जनों उपलब्धियों का वर्णन इतिहास करेगा।
पत्रकार वार्ता में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, जिलाध्यक्ष भरत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, नपा अध्यक्ष अरविंद भगत, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, जिला मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान, पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष अमन शर्मा, दीपक शर्मा, मानू सोनी, बॉबी ताम्रकर उपस्थित रहे।
_________________



