टीबी पीड़ित के परिवार के प्रत्येक सदस्य की एहतियातन करें जांच – कलेक्टर” शतप्रतिशत गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच एवं संस्थागत प्रसव बढ़ाने कलेक्टर ने दिए निर्देश….!

जशपुर, 06 अगस्त 2025/ कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में बुधवार को ग्राम पंचायत तमता में तमता एवं शेखरपुर सेक्टरों के स्वास्थ्य केंद्रों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन  किया गया। इस बैठक में कलेक्टर ने टीबी एवं कुष्ठ जैसी बीमारियों को जड़ से खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सभी को बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत शासन द्वारा कुष्ट और टीबी के उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने एनटीईपी (राष्ट्रीय ट्यूबरक्लोसिस उन्मूलन कार्यक्रम) के तहत निक्षय मित्र निर्माण, पोषण किट वितरण पर ध्यान देते हुए टीबी से पीड़ित लोगों के घर के सभी लोगों की टीबी की एहतियातन जांच करने एवं सभी संभावित मरीजों की एक्स रे द्वारा जांच अवश्य कराने के निर्देश दिए।
        उन्होंने शत प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पहले ट्राइमेस्टर से पंजीयन कर सभी चार एएनसी जांच समय पर करवाने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रवार समीक्षा करते हुए संस्थागत प्रसव की जानकारी ली और उच्च जोखिम वाले प्रसव को छोड़कर सभी प्रसवों को संस्थागत रूप से कराने के निर्देश दिए। प्रसव सुविधा लोगों को 24 घंटे प्राप्त हो इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी आरएचओ एवं सीएचओ को केंद्र के समीप निवास करने को कहा।
       उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने गांव के समुदाय में शामिल होकर महिलाओं को विभिन्न विषयों के प्रति जागरूक करने को कहा। इसके लिए उन्होंने गांव के जनप्रतिनिधियों, सचिव, महिला स्वसहायता समूहों को भी इसमें शामिल करने को कहा। उन्होंने बच्चों का शत प्रतिशत टीकाकरण एवं सभी लोगों का आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी सेक्टर सुपरवाइजरों को हर शनिवार समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करने एवं सभी कार्यों की ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने को कहा।
       कलेक्टर ने शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का 31 अगस्त तक वय वंदना योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने सभी योजनाओं की विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए कमजोर प्रदर्शन करने वाले केंद्रों के प्रभारियों से कमजोर प्रदर्शन का कारण जानते हुए उन्हें पूर्ण क्षमता से कार्य कर प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने मृत व्यक्तियों की पहचान कर उनके संबंध में जानकारी पंचायत को प्रदान कर उनका नाम राशन कार्ड से विलोपित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आधार शिविर आयोजित कराने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम ऋतुराज सिंह बिसेन, जनपद पंचायत सीईओ आकांक्षा रानी गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा, सरपंच सीता बाज, बीएमओ डॉ. प्रवीण किंडो, सेक्टर चिकित्सक डॉ. राजेन्द्र निषाद सहित सभी सेक्टरों के प्रभारी एवं स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment