नाबालिगों तक नशे की पहुंच… लैलूंगा में स्टेशनरी दुकानों पर पुलिस का शिकंजा

रायगढ़, 31 जनवरी /जिले में नाबालिग बच्चों को नशे की ओर ले जाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार सघन निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्टेशनरी दुकानों पर छापेमारी कर गंभीर अनियमितता का खुलासा किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लैलूंगा नगर के हाईस्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर स्थित साक्षी स्टेशनरी का संचालन कर रहे चंद्रभान पटेल (उम्र लगभग 41 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08, लैलूंगा द्वारा अपनी दुकान में बड़ी मात्रा में व्हाइट इंक करेक्शन पेन संग्रहित कर नाबालिग बच्चों को नशे के उपयोग हेतु विक्रय किया जा रहा है। इसी प्रकार पास ही स्थित प्रिया फैन्सी एवं स्टेशनरी के संचालक उमेश पटेल (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 08, लैलूंगा के संबंध में भी इसी तरह की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त हुई थी।

सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर दोनों दुकानों पर एक साथ दबिश दी गई। तलाशी के दौरान कोरस इराज-एक्स व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट (12 एमएल) के कुल 234 नग, जिनकी अनुमानित कीमत 6,990 रुपये, तथा एक रियलमी मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 5,000 रुपये है, बरामद किए गए। जब्त समस्त सामग्री का विधिवत पंचनामा तैयार कर कब्जे में लिया गया।

पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि दोनों संचालक यह जानते हुए भी कि उक्त व्हाइट इंक का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है और इससे बच्चों के मानसिक विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, इसके बावजूद नाबालिग बच्चों को इसका विक्रय कर रहे थे। इस कृत्य से बच्चों में नशे की लत विकसित होने की प्रबल आशंका व्यक्त की गई है।

इस संबंध में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 26/2026 अंतर्गत धारा 77 बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (जेजे एक्ट) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 275 एवं 286 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें थाना लैलूंगा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि पर कठोर एवं सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment