रायगढ़, 06 मार्च 2026। युवती से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मार्च की दोपहर पीड़िता अपने घर के नहानी घर में नहा रही थी। इसी दौरान गांव का निवासी बृजेश मंहत वहां पहुंचकर नहानी में घुस गया और युवती को नहाते हुए देखने लगा। आरोप है कि इसके बाद उसने युवती के साथ छेड़छाड़ की।
पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मारा। शोर सुनकर युवती की मां मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। इसी बीच पीड़िता के पिता भी वहां पहुंच गए, जिन्हें धक्का देकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 74, 75(2), 77, 115(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। नव पदस्थ महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी बृजेश दास मंहत (26 वर्ष), पिता सुकरीत दास मंहत, निवासी जूटमिल थाना क्षेत्र रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव सहित महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा कि रायगढ़ जिले में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुर्व्यवहार या हिंसा की घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान बना रहे।




















