जशपुरनगर | 19 जनवरी 2026
जशपुर जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 श्री गिरीश कुमार वारे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय उनके 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस अभिरक्षा में रहने के चलते लिया गया है।
जानकारी के अनुसार उप पुलिस अधीक्षक, एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर कार्यालय द्वारा श्री वारे को 08 जनवरी 2026 को सायं लगभग 8:30 बजे गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निर्धारित समय-सीमा से अधिक अवधि तक पुलिस अभिरक्षा में रखा गया।
उक्त तथ्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत यह कार्रवाई की गई है। आदेशानुसार निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारी को शासन के नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई को शासकीय सेवा आचरण और अनुशासन के पालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




















