जशपुर, 14 फरवरी 2026/ दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिरीमकेला में आयोजित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों को बड़ी सौगात देते हुए सिरीमकेला में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर इस भव्य मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं और कहा कि भक्तों के बीच आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति एवं आत्मिक आनंद की अनुभूति हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सनातन परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा का अवसर मिला है। अब तक 42 हजार से अधिक तीर्थयात्री अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण पूर्ण हुआ है और यह प्रत्येक रामभक्त के लिए गौरव का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंदिर के शिखर पर ध्वज लहरा रहा है, जो आस्था और संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने सिरीमकेला स्थित नीलकंठेश्वर महादेव के दर्शन को अत्यंत शुभ बताते हुए कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं को नियमित रूप से दर्शन लाभ मिलेगा, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने जशपुर के मधेश्वर महादेव का भी उल्लेख किया, जिसे लोकमान्यता के अनुसार एशिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग माना जाता है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। राजिम में आयोजित कुंभ कल्प का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आस्था और संस्कृति का यह संगम पूरे प्रदेश की पहचान है। साथ ही ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और प्रदेश के पांच शक्तिपीठों के विकास के लिए भी योजनाबद्ध कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा सरगुजा आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार तथा महादेव मंदिर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु समारोह में शामिल हुए।
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने दूर-दूर से पधारे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए पुनः महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।











