जशपुर, 21 फरवरी 2026। जिले में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गुरुवार को मंत्रणा हॉल, कलेक्ट्रेट भवन, जशपुर में संपन्न हुआ।
शिविर की अध्यक्षता जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जशपुर के महाप्रबंधक मनीष भगत ने की। कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों को कम लागत में खाद्य उत्पादों की निर्माण इकाई स्थापित कर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही विभाग द्वारा संचालित अन्य स्वरोजगार योजनाओं—प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं औद्योगिक नीति 2024-30—की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत जिले के इच्छुक उद्यमियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। 15 मार्च 2026 तक आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते हैं। योजना के तहत विभिन्न प्रकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने की सुविधा उपलब्ध है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर निर्मित होंगे और उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा।
योजना में पात्र हितग्राहियों को स्वीकृत स्थायी परियोजना लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपए तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। इससे इच्छुक उद्यमियों को उद्योग स्थापना में आर्थिक संबल मिलेगा।
आवेदन के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड तथा मशीनरी कोटेशन जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जशपुर में आवेदन जमा किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त इच्छुक आवेदक योजना की आधिकारिक वेबसाइट www.pmfme.mofpi.gov.in/pmfme पर लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
कार्यक्रम में विभाग के प्रबंधक मनमोहन राठिया, डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) मनोज गौतम सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए स्व-सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।




















