बगीचा को खेलों की बड़ी सौगात : मुख्यमंत्री ने 2.83 करोड़ की लागत से बन रहे आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का किया निरीक्षण..!

जशपुर, 15 जनवरी 2026 —
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बगीचा विकास खंड में निर्माणाधीन आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का अवलोकन किया। यह परियोजना क्षेत्र के खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का निर्माण उच्च मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिता के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस परियोजना के अंतर्गत दो आधुनिक वुडन बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अलग-अलग शौचालय, ड्रेसिंग रूम एवं बैठने की समुचित व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य को आगामी मई माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस सर्वसुविधायुक्त खेल परिसर के निर्माण से स्थानीय एवं जिले के प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।



इस अवसर पर सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रभात सिदाम, जिला पंचायत सदस्य श्री गेंद बिहारी सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविन्द गुप्ता, कृष्णा राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय खिलाड़ी एवं ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment