जशपुर, 28 मार्च 2026। जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के बारदानों के गबन का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान अली और बारदानों के खरीददार सुधीर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला करीब 8 लाख 39 हजार 500 रुपये की 33 हजार 850 नग बारदानों के गबन से जुड़ा है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब 8 सितंबर 2025 को जिला विपणन अधिकारी अजय कुमार ठाकुर ने थाना कांसाबेल में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022-23 के दौरान उचित मूल्य दुकानों से PDS बारदानों के संकलन और परिवहन का कार्य अनुबंध के आधार पर आरोपी रिजवान अली को सौंपा गया था।
जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने कांसाबेल विकासखंड की विभिन्न दुकानों से बारदानों का संकलन तो किया, लेकिन उन्हें विपणन संघ कुनकुरी के गोदाम तक नहीं पहुंचाया। इसके बजाय उसने शासकीय संपत्ति का गबन कर दिया। जांच समिति की रिपोर्ट में 33 हजार 580 बारदानों की हेराफेरी की पुष्टि हुई, जिनकी कीमत 25 रुपये प्रति नग के हिसाब से 8.39 लाख रुपये से अधिक आंकी गई।
शिकायत के आधार पर थाना कांसाबेल में भारतीय दंड संहिता की धारा 408, 420 और 411 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जशपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में सूरजपुर और अंबिकापुर भेजा गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रिजवान अली को सूरजपुर से और सह-आरोपी सुधीर साहू को अंबिकापुर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (MP 65-GA-0244) और 4000 नग बारदानों को भी जप्त किया है। फिलहाल पुलिस बाकी बारदानों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस पूरे मामले की जांच और गिरफ्तारी में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक राजकुमार भगत, सुभाष चंद्र बोस और नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—




















