जशपुर, 22 जनवरी 2026 —धान उपार्जन केंद्र कोनपारा (तुमला) में खरीफ वर्ष 2024–25 के दौरान हुई करोड़ों रुपये की आर्थिक अनियमितता के मामले में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस प्रकरण के फरार मास्टरमाइंड एवं समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इस अनियमितता से शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति होना पाया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी जयप्रकाश साहू अत्यंत शातिर किस्म का व्यक्ति है, जो एफआईआर दर्ज होते ही मध्यप्रदेश के दमोह जिले में छिप गया था। बाद में वह पुलिस दबाव के चलते छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में छिपकर रहने लगा, जहां जशपुर पुलिस की विशेष टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी हर बार दूसरे व्यक्तियों के नाम से मोबाइल सिम का उपयोग करता था, लेकिन साइबर यूनिट एवं पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी चालाकी काम नहीं आई।
मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 2 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव द्वारा थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, कोनपारा के धान खरीदी उपकेंद्र में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मिलकर खरीफ वर्ष 2024–25 में धान खरीदी कार्य में गंभीर अनियमितता की गई।
जांच में पाया गया कि उपकेंद्र द्वारा कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शाई गई थी, जबकि मिल एवं संग्रहण केंद्रों को मात्र 1,40,663.12 क्विंटल धान ही परिदान किया गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन में भी मौके पर धान उपलब्ध नहीं पाया गया। इसके अलावा 4,898 नग बारदाने की भी हेराफेरी सामने आई। कुल मिलाकर शासन को 6.55 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
इस मामले में कुल छह आरोपी शामिल पाए गए हैं, जिनमें से पूर्व में फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष चार आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी सघन तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें साइबर यूनिट को भी शामिल किया गया। इसी टीम की सतत निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी जयप्रकाश साहू को गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, सहायक उप निरीक्षक टेकराम सारथी, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक एवं आरक्षक संतोष राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि कोनपारा धान उपार्जन केंद्र में हुई 6.55 करोड़ रुपये की अनियमितता के एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच लगातार जारी है।




















