ब्रेकिंग जशपुर: लोदाम क्षेत्र में अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की कार्रवाई, 230 क्विंटल धान जब्त

जशपुर, 22 जनवरी 2026 —चालू धान खरीदी सीजन के दौरान सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने के प्रयासों पर जशपुर पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना लोदाम क्षेत्र में जशपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में झारखंड से लाए जा रहे कुल 230 क्विंटल अवैध धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 29 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार जशपुर जिले में अब तक 45 से अधिक प्रकरणों में 2600 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ा जा चुका है, जिसे नियमानुसार जिला प्रशासन को सुपुर्द किया गया है। इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध धान परिवहन एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।

प्रकरण का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 19 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 10.30 बजे लोदाम पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भलमंडा चौक के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MR-7224 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रैक्टर में 65 बोरी में कुल 30 क्विंटल धान लोड पाया गया। ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम सत्यमूर्ति तिर्की उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम भलमंडा थाना लोदाम बताया तथा धान को झारखंड के कीतम क्षेत्र से लाकर जशपुर के ग्राम बोडोकछार में पहुंचाने की जानकारी दी। धान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पुलिस ने ट्रैक्टर सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।

वहीं दूसरे मामले में दिनांक 19 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 8.30 बजे मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर लोदाम पुलिस ने ग्राम साईं टांगर टोली के पास एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक CG-04-MC-5664 को रोका। जांच में ट्रक में 450 बोरी में कुल 200 क्विंटल धान लोड पाया गया। ट्रक चालक ने अपना नाम बबन सिंह उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम केमडे थाना रातु जिला रांची (झारखंड) बताया तथा धान को रांची निवासी दिवाकर सिंह का होना बताया। चालक द्वारा भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धान को अवैध परिवहन एवं उपार्जन केंद्र में खपाने के संदेह में जब्त कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया।

अवैध धान परिवहन के विरुद्ध इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा एवं आरक्षक महेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment