जशपुर: प्रदेश और जशपुर के विकास को नई दिशा देने वाला बजट – शौर्य प्रताप सिंह जूदेव

जशपुरनगर, 25 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा मंगलवार को प्रस्तुत बजट को प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। जिला पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकास का स्पष्ट संकल्प है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार का यह तीसरा बजट प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की मंशा को दर्शाता है। बजट में सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं शामिल की गई हैं, जो ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी।

शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने बताया कि बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) केंद्र की स्थापना, उद्योगों के विस्तार, सड़क और बिजली अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया गया है। इससे प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं की शिक्षा और कौशल उन्नयन को प्राथमिकता देते हुए नए विवेकानंद आदर्श विद्यालय खोलने, महाविद्यालयों को सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने तथा कौशल विकास कार्यक्रमों को विस्तार देने जैसे प्रावधान शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही नक्सल समस्या से उबर रहे बस्तर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं, जो सराहनीय पहल है।

जशपुर को मिली अहम सौगातें

जशपुर जिले के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के सेटअप को स्वीकृति मिलना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। साथ ही सरगुजा विकास प्राधिकरण के बजट में वृद्धि तथा कोतेबिरा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की स्वीकृति से क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी।

जूदेव ने विश्वास जताया कि बीते दो वर्षों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले ने जिस तेजी से प्रगति की है, वह आगामी समय में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment