जशपुर, 25 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत नगर पंचायत कोतबा में नव-निर्मित प्रेस क्लब भवन, पत्थलगांव का विधिवत लोकार्पण किया। यह भवन शासन की उस दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसमें लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता के संरक्षण, संवर्धन और सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री साय शनिवार को कोतबा के हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित भव्य लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने पहुंचे थे। इस दौरान अनेक नवीन विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रेस क्लब भवन पत्थलगांव का भी लोकार्पण किया गया।
प्रेस क्लब भवन का निर्माण पत्रकारों के लिए एक संगठित, सुरक्षित और गरिमामय कार्यस्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। लंबे समय से पत्थलगांव सहित पूरे जिले के पत्रकार इस भवन के लोकार्पण की प्रतीक्षा कर रहे थे, जो शनिवार को पूर्ण हुई। यह भवन न केवल पत्रकारों की कार्य-सुविधा को सुदृढ़ करेगा, बल्कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को भी मजबूती प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब पत्थलगांव के अध्यक्ष श्री विजय त्रिपाठी ने की।
इस अवसर पर प्रेस क्लब पत्थलगांव के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिनमें गोविंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कुमार चेतवानी, अतुल त्रिपाठी, सचिव श्री राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री मुकेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी श्री रमेश तिवारी, संयुक्त सचिव निसामुद्दीन खान सहित छत्रमोहन यादव, नीरज गुप्ता, शिव प्रताप सिंह, जितेंद्र सोनी, श्याम चौहान, अभिषेक शुक्ला, प्रदीप ठाकुर, विवेक तिवारी, सौरभ त्रिपाठी, आकाश शर्मा, बाबर खान, विकास शर्मा, कमलेश अंबष्ट, हरीश यादव, आयुष बंसल एवं बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन पत्रकारों के आत्मसम्मान, एकजुटता और कार्यक्षमता को नई दिशा देगा तथा क्षेत्रीय पत्रकारिता को सशक्त बनाएगा।
—
























