कांसाबेल/जशपुर।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड को आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के पत्थलगांव विधानसभा अंतर्गत कांसाबेल मंडल भाजपा कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ‘मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों से सीधा संवाद है, जो राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देता है।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम देश की नब्ज़ से जोड़ता है, जिसमें आम नागरिकों की उपलब्धियों, नवाचारों और सकारात्मक प्रयासों को सामने लाया जाता है, जो भारत की वास्तविक ताकत को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को राजनीति का केंद्र बनाया गया है और छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी सोच के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ हमें यह संदेश देती है कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेश को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिला प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं से समृद्ध है तथा यहां के लोग प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मन की बात के 130वें एपिसोड की प्रमुख बातें
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण को गति देने, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, महिलाओं-युवाओं-किसानों की भूमिका को सशक्त करने तथा स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की असली शक्ति उसके नागरिकों की सामूहिक चेतना, परिश्रम और सकारात्मक सोच में निहित है।
संगठनात्मक सहभागिता
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कांसाबेल सहित पूरे जशपुर जिले के सभी मंडलों में बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना, जो संगठन की मजबूती और जनसंपर्क का सशक्त उदाहरण है। इस अवसर पर कांसाबेल, कुनकुरी एवं जशपुर विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री राम गर्ग, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्री सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री द्वय श्री मुकेश शर्मा एवं श्री मनीष अग्रवाल, आनंद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष श्री नटवर मूंदड़ा, गणेश जैन, सुदाम पंडा, अंकित बंसल, राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष श्री भरत सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्री उपेन्द्र यादव, श्रीनायक मिश्रा, श्रीमती सुशीला साय, श्रीमती ममता कश्यप, सुनील अग्रवाल, अमन शर्मा, श्रीमती रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश महामंत्री श्री कृष्ण कुमार राय, नरेश नंदे, ओमप्रकाश सिन्हा, संतोष कुमार सिंह, शंकर गुप्ता, गेंदबिहारी सिंह एवं मुकेश सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























