मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय: आधुनिक तकनीक और संवेदनशीलता से बनेगी नई पुलिसिंग, 859 प्रशिक्षुओं का दीक्षांत संपन्न

रायपुर, 30 मार्च 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित उप निरीक्षक संवर्ग के दीक्षांत (पासिंग आउट परेड) समारोह में शामिल हुए। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 859 प्रशिक्षुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस सत्र में कुल 859 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूर्ण किया, जिनमें 54 सूबेदार, 528 उप निरीक्षक (जीडी), 02 उप निरीक्षक (कंप्यूटर), 01 उप निरीक्षक (रेडियो), 01 उप निरीक्षक (अंगुली चिन्ह), 68 उप निरीक्षक (एसबी) तथा 205 प्लाटून कमांडर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन प्रशिक्षुओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से वे राष्ट्र और छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कठिन प्रशिक्षण के बाद प्राप्त यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के बाद इन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का समावेश हुआ है, जो उन्हें एक सफल अधिकारी बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा को अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्दी केवल अधिकार नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा का संकल्प है, जिसे हर परिस्थिति में बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यह निष्क्रमण केवल अकादमी से बाहर निकलना नहीं, बल्कि वास्तविक सेवा जीवन में प्रवेश है। इसे उन्होंने ‘निष्क्रमण संस्कार’ से जोड़ते हुए बताया कि अब ये प्रशिक्षु व्यापक जिम्मेदारियों के साथ कार्यक्षेत्र में उतरेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पुलिसिंग के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, आधुनिक तकनीक को शामिल किया गया है और साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष इकाइयाँ स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की पुलिस तकनीक-संचालित और संवेदनशील होगी, जो केवल कानून लागू करने वाली नहीं, बल्कि सेवा प्रदाता की भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानून—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम—के तहत प्रशिक्षित यह पहला बैच है, जो न्याय व्यवस्था को और मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा, विकास और विश्वास के तीन स्तंभों पर कार्य कर रही है, जिसमें पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे न्याय, ईमानदारी और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने भी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ पुलिस की ताकत को और मजबूत करेंगे तथा अपराधियों में कानून का भय और आम जनता में विश्वास बनाए रखेंगे।

समारोह में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं—सर्वेश कुमार, किरण, मीताली बुग्गे, देवेन्द्र सिंह, भरत कुमार, जयप्रकाश राठौर, सचिन यादव, सुंदर मनीष, जितेन्द्र कुमार वैष्णव, जितेंद्र सिंह राजपूत एवं राकेश वैष्णव—को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, एडीजी श्री दीपांशु काबरा, अकादमी के संचालक श्री अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक पल्लव सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment