कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राजस्व विभाग की ली समीक्षा बैठक” राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करने के दिए निर्देश…!

जशपुरनगर, 03 सितंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व संबंधी कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करें।
    बैठक में आधार एवं मोबाइल नम्बर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित नामांतरण, फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्ती एवं व्यपर्वतन जैसे मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कार्य नियमों के अनुरूप और तय समय पर पूरा करें। कलेक्टर श्री व्यास ने भू-अर्जन एवं मुआवजा से जुड़े प्रकरणों की भी जानकारी ली और इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही, डिजिटल हस्तांतरित खसरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
    उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के अंतर्गत जिले के चयनित 417 ग्रामों में विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।  इसके अलावा कलेक्टर ने कहा कि जिले के अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य करने के साथ ही प्रत्येक विभाग प्रारंभिक चरण में 5 ग्रामों का चयन कर वहां संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करे, ताकि कोई भी हितग्राही योजना से वंचित न रह सके। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, सभी विकासखंडों के एसडीएम और तहसीलदार मौजूद थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment