जशपुरनगर, 03 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्वच्छ भारत मिशन की गहन समीक्षा
कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, गांवों में कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की नियमित सफाई, व्यक्तिगत व सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एवं स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी, ई-केवाईसी और राशन कार्ड पर सख्ती
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों एवं शौचालयों को तय समय में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मातृत्व वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य विभाग की समीक्षा में राशन कार्ड ई-केवाईसी कार्य को समय-सीमा में पूरा करने, संदिग्ध एवं डुप्लीकेट कार्डों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा अपात्र नाम हटाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने 20 फरवरी को प्रस्तावित चावल उत्सव की सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने को भी कहा।
उज्ज्वला, मत्स्य और समाज कल्याण योजनाएँ
उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा विशेष पिछड़ी जनजाति एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
मत्स्य विभाग की समीक्षा में निस्तारी तालाबों को छोड़कर अन्य शासकीय तालाबों का नियमानुसार पट्टा देने, एनएफडीबी अंतर्गत मछुआ पालकों का पंजीयन कराने एवं केसीसी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण विभाग को पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का आधार सीडिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।
कृषि और आजीविका पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि कृषि योजनाओं के लाभ के लिए प्रत्येक किसान का फार्मर आईडी कार्ड अनिवार्य है। इसके लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, लंबित बैंक लिंकेज शीघ्र पूर्ण करने एवं महिला उद्यमों को ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
























