जशपुर: लैब टेक्नीशियन पर लगे आरोपों की जांच हेतु समिति गठित, 7 दिन में रिपोर्ट के निर्देश

जशपुर, 24 फरवरी 2026। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हेन झरिया (विकासखंड फरसाबहार) में पदस्थ मेडिकल लैब टेक्नीशियन पर लगे गंभीर आरोपों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जशपुर द्वारा मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है तथा संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया में प्रकाशित खबरों में लैब टेक्नीशियन पर नर्सों को धमकाने, आपातकालीन सेवाओं के बहिष्कार की चेतावनी देने, नाइट ड्यूटी से इनकार करने, पीएचसी में अभद्र टिप्पणी करने तथा दुर्व्यवहार करने जैसे आरोप लगाए गए थे। खबर के संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्पष्टीकरण पत्र जारी किया।

जारी आदेश में संबंधित लैब टेक्नीशियन को तीन दिवस के भीतर स्पष्ट अभिमत सहित उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित कर्मचारी की होगी।



इसी क्रम में मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में डॉ. कस्तूरी कुजूर (बीएमओ, कुनकुरी) को अध्यक्ष तथा डॉ. ए.डी. तिर्की (बीएमओ, लोदाम), श्रीमती ललिता पैंकरा (नर्सिंग प्रतिनिधि, कुनकुरी) एवं श्री वैभव सोनी (लेखापाल, जशपुर) को सदस्य बनाया गया है। समिति को सात दिवस के भीतर जांच पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अनुशासन, गरिमा और मरीजों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment