रायगढ़ पुलिस की सामुदायिक पहल, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में छाल थाना में प्रेरणादायी नागरिक सम्मानित

रायगढ़, 08 फरवरी 2026/ सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना छाल परिसर में एक प्रेरणादायी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना और पुलिस–जन सहभागिता को सुदृढ़ बनाना रहा।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक श्री त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा ग्राम कोटवारों की बैठक ली गई। बैठक के दौरान कोटवारों से गांवों की गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा किसी भी घटना, दुर्घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में समाज के लिए अनुकरणीय कार्य करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्राम तरेकेला निवासी श्री नीरज सिदार एवं श्री सादराम राठिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल एक अंजान युवक को मानवता का परिचय देते हुए तत्काल छाल अस्पताल पहुंचाया और कोरबा रेफर किए जाने तक उसके साथ बने रहे। उनके इस सराहनीय कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

इसी क्रम में ग्राम रिलो निवासी श्री लवकुश महंत एवं ग्राम पुसल्दा निवासी श्री हरिशंकर चौहान को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसमित्र के रूप में निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में हाई स्कूल कटाईपाली के मेधावी छात्र श्री गगन कुमार को कक्षा दसवीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने पर सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम पोड़ी के कोटवार श्री छेदूदास को कर्तव्यों के ईमानदार एवं जिम्मेदार निर्वहन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री त्रिनाथ त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे सम्मान न केवल नागरिकों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सकारात्मक एवं जिम्मेदार कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान थाना छाल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सजग एवं जिम्मेदार नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मानवता, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले नागरिक ही समाज की वास्तविक ताकत होते हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे नागरिकों को निरंतर सम्मानित और प्रोत्साहित करती रहेगी, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की मजबूत कड़ी बनी रहे।”

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment