मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन के दो वर्षों के भीतर जशपुर जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पिछले दो वर्षों में जिले में 22 उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण के लिए कुल 109 करोड़ 09 लाख रुपये तथा 215 छोटे पुल-पुलिया निर्माण के लिए 20 करोड़ 93 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के निर्देश पर जशपुर के ठेठेटांगर–चोंगरीबहार मार्ग पर ईब नदी पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इस निर्माण की लागत 11 करोड़ 27 लाख 03 हजार रुपए आंकी गई है। पुल निर्माण के पूरा होने से बरसात के दिनों में नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने के कारण संपर्क मार्ग बाधित होने और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क टूटने की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
बरसात में भी सुगम होगा ग्रामीण आवागमन
बरसात के मौसम में नदी-नालों में तेज बहाव और जलस्तर बढ़ जाने के कारण गांवों का संपर्क अक्सर टूट जाता था। पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण से न केवल जान-माल की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी। राहगीरों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और समय की भी बचत होगी।
जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तेजी से हो रहे अधोसंरचना विकास के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
























