जशपुर में डिजिटल डोर सुविधा का शुभारंभ ,नगर पालिका जाने की झंझट खत्म! हर घर पर QR कोड, मिनटों में भरें टैक्स… जाने विस्तार से

जशपुर, 30 मार्च 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शनिवार को नगर पालिका जशपुर में एचडीएफसी बैंक की ‘डिजिटल डोर सुविधा’ का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत अब जशपुर के नागरिक घर बैठे ही QR कोड के माध्यम से जलकर, संपत्ति कर और दुकान कर का भुगतान आसानी से कर सकेंगे, जिससे नगर पालिका कार्यालय जाने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी।

एचडीएफसी बैंक द्वारा नगर पालिका को विशेष QR कोड प्रणाली उपलब्ध कराई गई है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक घर के लिए अलग-अलग QR कोड तैयार किए गए हैं, जिन्हें घर-घर चस्पा किया जा रहा है। इन QR कोड में मकान मालिक का नाम, मकान नंबर, मोबाइल नंबर और बकाया कर की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिकों को पारदर्शी और सटीक जानकारी मिल सकेगी।

डिजिटल डोर सुविधा के माध्यम से टैक्स भुगतान की प्रक्रिया भी बेहद सरल है। नागरिक QR कोड स्कैन कर DDN नंबर, मोबाइल नंबर या प्रॉपर्टी आईडी दर्ज करेंगे, जिसके बाद मालिक का नाम, कुल कर, बकाया राशि और देय राशि की जानकारी सामने आएगी। इसके पश्चात यूटीआई, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए सुरक्षित भुगतान किया जा सकेगा और तुरंत डिजिटल रसीद प्राप्त होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय, एचडीएफसी बैंक के रीजनल मैनेजर श्री सराफत अली एवं शाखा प्रबंधक श्री दीपक दास सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि यह प्रॉपर्टी टैक्स इंफॉर्मेशन सिस्टम एक आधुनिक आईसीटी आधारित व्यवस्था है, जो नगर पालिका जशपुर में राजस्व संग्रहण को पारदर्शी, कुशल और सरल बनाती है। वर्तमान में इस प्रणाली के तहत लगभग 4600 घरों को शामिल किया गया है, जिससे नगरीय क्षेत्र के नागरिकों को डिजिटल सुविधा का सीधा लाभ मिल रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment