दुलदुला में दिव्यांग प्रमाणीकरण व यूडीआईडी शिविर आयोजित, 130 दिव्यांगजनों का पंजीयन, 20 को सहायक उपकरण वितरित

जशपुरनगर, 12 मार्च 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुलदुला में दिव्यांगजनों के प्रमाणीकरण एवं विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र (यूडीआईडी) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड बनाने के साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।

शिविर के दौरान दिव्यांगजनों से पेंशन योजना, सहायक उपकरण, बस पास, ऋण सुविधा तथा दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं के लिए आवेदन लिए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्रीमती पिंकी गुप्ता (जनपद पंचायत सदस्य), पूर्व जनपद पंचायत सदस्य श्री दिनेश गुप्ता, उपसंचालक समाज कल्याण श्री धर्मेन्द्र साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दुलदुला श्री पुष्कर पटले तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा 20 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें हस्तचलित ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, वैशाखी तथा वॉकिंग स्टिक शामिल हैं। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड भी प्रदान किए गए।

शिविर में कुल 130 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें से 52 दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाए गए, जबकि 16 प्रकरणों को जिला अस्पताल के लिए रिफर किया गया। इसके अलावा 5 दिव्यांगजनों ने ऋण योजना के लिए आवेदन किया, 1 आवेदन दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना हेतु प्राप्त हुआ तथा 10 आवेदन पेंशन के लिए मिले। वहीं 6 दिव्यांगजनों ने पेंशन से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की।

समाज कल्याण विभाग ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी हो रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment