रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन होने पर रायगढ़ जिले में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह एवं एसबीआई शाखा पुसौर के प्रबंधक द्वारा स्वर्गीय प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर की पत्नी श्रीमती सरस्वती सिंह ठाकुर तथा जीआरपी थाना में पदस्थ स्वर्गीय राम सिंह लकड़ा की पत्नी श्रीमती किरण लकड़ा को 10–10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग केवल एक सेवा संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो अपने हर सदस्य के साथ सुख-दुख में खड़ा रहता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर विभाग हर स्तर पर सहयोग करेगा।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि बड़ी बीमा राशि मिलने के बाद कई बार फर्जी निवेश योजनाओं और रुपए दोगुना करने के झांसे सामने आते हैं, जिनसे बचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिजनों से अपील की कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आए बिना सोच-समझकर निर्णय लें।
एसबीआई बैंक प्रबंधन ने भी इस दौरान सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए बताया कि ऐसे समय में फेक कॉल और झूठे निवेश प्रस्तावों की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन जरूरी है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि जिले के सभी पुलिसकर्मियों का पुलिस सैलरी पैकेज कराया गया है, जिसके तहत आकस्मिक दुर्घटना या निधन की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की बीमा राशि का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि जोखिमपूर्ण सेवा में यह बीमा सुरक्षा पुलिस परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा बनती है।
कार्यक्रम में डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सतत प्रयासों और एसबीआई प्रबंधन द्वारा समय पर दायित्वों के निर्वहन के लिए बैंक प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
























