रायपुर, 19 मार्च 2026। कार्यालय आबकारी आयुक्त, छत्तीसगढ़ द्वारा आबकारी आरक्षक (आबकारी विभाग) भर्ती परीक्षा (ABA25) का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया गया है। जारी परिणाम के अनुसार कुल 200 रिक्त पदों के विरुद्ध पात्र अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है, साथ ही 43 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा (वेटिंग) सूची भी घोषित की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के आधार पर संपन्न हुई थी। परीक्षा का आयोजन 27 जुलाई 2025 को किया गया था तथा इसका अंतिम उत्तर एवं परीक्षा परिणाम 19 सितंबर 2025 को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया गया था।
विभाग द्वारा व्यापम से प्राप्त मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान अनुपस्थित रहने या शारीरिक मापदंड में अपात्र पाए गए कुल 128 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।
इसके पश्चात 12 मार्च 2026 को जारी सूचना के माध्यम से रिक्त पदों के विरुद्ध पात्र अभ्यर्थियों के चयन हेतु अंतिम सूची तैयार की गई। चयनित अभ्यर्थियों को उनके मेरिट क्रम एवं उपलब्धता के आधार पर पद आवंटित किए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया है तथा सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान किया गया। चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय अभिलेख एवं आधिकारिक माध्यमों पर उपलब्ध है।




















