जशपुर, 05 मार्च 2026।जशपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत किनकेल घाटी स्थित आरक्षित वन क्षेत्र (आर.एफ. 558) में लगी आग पर वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए शीघ्र नियंत्रण पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से वन संपदा को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 मार्च को सड़क किनारे स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में आग लगने की सूचना दूरभाष के माध्यम से विभाग को मिली। सूचना मिलते ही वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार, उपवनमण्डलाधिकारी श्री करण सिंह, वन परिक्षेत्राधिकारी श्री विवेक भगत सहित विभागीय अमला और फायर वाचर तत्काल मौके पर पहुँचे।
घटनास्थल पर स्थिति का आकलन करने के बाद फायर ब्लोअर मशीन एवं उपलब्ध संसाधनों की सहायता से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया गया। विभागीय टीम की समन्वित और त्वरित कार्रवाई के चलते आग को शीघ्र ही काबू में कर लिया गया तथा उसे आसपास के वन क्षेत्र में फैलने से रोक दिया गया।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है, ताकि आग की पुनरावृत्ति न हो और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही ग्रामीणों को वनों में आग से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए वन संरक्षण में सक्रिय सहयोग की अपील की जा रही है।
वन विभाग ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि वे वनों में आग न लगाएँ। यदि कहीं आग लगने की घटना दिखाई दे तो तत्काल निकटतम वन अधिकारी या कर्मचारी को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके। जानबूझकर आग लगाने या आग लगाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पर्यावरण संतुलन और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विभाग ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है।




















