जशपुर: श्री नागेश्वरनाथ धाम में श्रीराम चरित मानस नवाह्न पारायण महायज्ञ का शुभारंभ, निकली भव्य कलश यात्रा …!

जशपुर:- जशपुर जिले के बगीचा तहसील अंतर्गत सन्ना क्षेत्र स्थित श्री नागेश्वरनाथ धाम, मेंढरापाट–पण्डरापाट में 18 जनवरी 2026 से संकीर्तनमय श्रीराम चरित मानस नवाह्न पारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन प्रारंभ हो गया है। माघ मास की पावन बेला में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ माघ अमावस्या के अवसर पर भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ किया गया।

आयोजन समिति के अनुसार, कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य श्री बिपिन सिंह एवं वर्तमान जनपद सदस्य श्रीमती मेनका सिंह ने कलश उठाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। साथ ही इनके द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं प्रसाद व्यवस्था भी की गई, जिसकी क्षेत्रवासियों ने सराहना की।

इस नवाह्न पारायण महायज्ञ में परम पूज्य श्री श्री परमानन्द गिरि जी महाराज व्यासपीठ से श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। कार्यक्रम को संतश्री गहिरा गुरु स्वामी जी महाराज, संत वंशावली के मानस मणिदीप श्री-श्री 108 संतशिरोमणि नागेश्वर स्वामी जी तथा सरसाधाम वासिनी माताजी का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।

19 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन पंचांग पूजन, गुरु पूजन, मंडप प्रवेश, देव आवाहन, यज्ञ स्थापना, हवन, श्रीराम चरित मानस पाठ, प्रवचन, संध्या आरती, रात्रि सत्संग एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 27 जनवरी को यज्ञ पूर्णाहुति, संतों के आशीर्वचन, प्रसाद वितरण एवं संत विदाई के साथ महायज्ञ का विधिवत समापन होगा।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment