रायगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात! पति ने हसिया से महिला की गर्दन पर किया हमला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़ | 15 मार्च , रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में महिला पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष दास महंत (32 वर्ष) निवासी तेंदूभाठा थाना घरघोड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी सास संतोषी महंत वर्ष 2011 में तुलेश्वर चौहान निवासी जोंगरा जिला सक्ती से प्रेम विवाह कर उनके साथ रह रही थी। दोनों हाल ही में तेंदूभाठा स्थित घर में मकान निर्माण कार्य में सहयोग करने आए थे।

बताया गया कि 12 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे गांव के एक पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि तुलेश्वर चौहान ने झगड़े के दौरान लोहे के हसिया (परसूल) से संतोषी महंत के गर्दन और ठुड्डी पर हमला कर दिया है। घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को तत्काल घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि महिला के गर्दन, ठुड्डी और दोनों हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट लगी हुई थी।

परिजनों के अनुसार पुरानी बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे धारदार हसिया से हमला किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पीड़िता की चिकित्सकीय रिपोर्ट मिलने पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। पूछताछ में आरोपी तुलेश्वर चौहान (39 वर्ष) निवासी जोंगरा पोस्ट मसनियाकला थाना व जिला सक्ती ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का हसिया भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 13 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, प्रधान आरक्षक पारसमनी बेहरा और आरक्षक भानु चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment